पत्रकारों के कल्याण के लिए बड़े फैसले, दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों और गंभीर बीमार पत्रकार को आर्थिक मदद
देहरादून:
उत्तराखंड सरकार ने पत्रकारों के कल्याण और उनके परिवारों को संबल प्रदान करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में हुई उच्चस्तरीय बैठक में पत्रकार कल्याण कोष और मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत कई अहम वित्तीय सहायता और पेंशन प्रस्तावों की संस्तुति की गई है।
सूचना निदेशालय में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित समिति की बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न प्रकरणों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में लिए गए मुख्य निर्णय:
दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को आर्थिक सहायता: पत्रकार कल्याण कोष से चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रित परिवारों को ₹5-₹5 लाख की आर्थिक सहायता दिए जाने की संस्तुति की गई है।
गंभीर बीमारी से ग्रसित पत्रकार को मदद: गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक वरिष्ठ पत्रकार के उपचार के लिए ₹5 लाख की वित्तीय सहायता स्वीकृत करने की संस्तुति की गई है।
वरिष्ठ पत्रकारों को पेंशन: मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत चार वरिष्ठ पत्रकारों को ₹8,000 प्रति माह की दर से पेंशन दिए जाने की संस्तुति की गई है।
सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध: महानिदेशक
इ स अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप राज्य सरकार पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। संकटग्रस्त पत्रकारों और उनके आश्रितों की सहायता के लिए सूचना विभाग तत्परता से कार्य कर रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों को नियमानुसार समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए ऐसी बैठकें नियमित रूप से पूरी संवेदनशीलता के साथ आयोजित की जा रही हैं।
बैठक में सूचना विभाग के अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी चंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पाण्डेय के अलावा पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य गिरीश तिवारी, अमित शर्मा और शशि शर्मा उपस्थित रहे।