वाल्मीकि युवा ज्ञान सागर महोत्सव 2026: युवाओं को मिला ‘विकसित भारत 2047’ अवॉर्ड, बांटे गए डिजिटल उपकरण
देहरादून के IRDT सभागार में वाल्मीकि युवा ज्ञान सागर महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस महोत्सव का उद्देश्य महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों और विचारों को जन–जन तक पहुँचाना, युवाओं को शिक्षा और संस्कारों से जोड़ना, सामाजिक समरसता मजबूत करना तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम के दौरान ‘युवा फॉर 2047 – विकसित भारत अवॉर्ड’ के माध्यम से 18 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इनमें से शीर्ष तीन विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों और ऑनलाइन पढ़ाई में सहायता के लिए मोबाइल फोन भेंट किए गए। इसके अलावा, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 50 गणमान्य व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।
महोत्सव में सामाजिक समरसता, शिक्षा के साथ संस्कारों का जुड़ाव और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर डिबेट और चर्चा आयोजित की गई, जिससे युवाओं को समाज में सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा मिली।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो संदेश के माध्यम से छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की भूमिका अहम है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजक ऋषभ पाल और उनकी टीम को बधाई दी।
भारतीय जनता युवा मोर्चा उत्तराखंड के प्रदेश प्रवक्ता और कार्यक्रम के आयोजक ऋषभ पाल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन ज्ञान, समानता और मानवीय मूल्यों की प्रेरणा देता है। युवाओं को शिक्षा के साथ संस्कारों से जोड़ना और राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करना आज की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री खजान दास उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता विपिन चंचल ने की। इस अवसर पर भाजपा संगठन महामंत्री फरिदिंदरनाथ शर्मा, भाजपा महामंत्री दीप्ति रावत, आदित्य चौहान, नेहा जोशी, राज्य मंत्री श्याम अग्रवाल, अशोक वर्मा, गीता खन्ना, विनोद उनियाल और विशाल गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ईशा सूद, भावना चौधरी, कुलवंत सूद, हनी सूद, युवराज चौहान, सोनित कुमार, हनी सिसोदिया, तरुण, विपुल, करण गागड़ और हिमांशु सहित समस्त कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।