राष्ट्रीय नेतृत्व ने अजय कुमार को दी राजस्थान की बागडोर, उत्तराखंड भाजपा के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का मिला पुरस्कार
भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड में संगठनात्मक मजबूती, अनुशासन और लगातार बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए प्रदेश संगठन मंत्री अजय कुमार को राजस्थान जैसे महत्वपूर्ण राज्य की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंप दी है। पार्टी के भीतर इसे उत्तराखंड में उनके सफल कार्यकाल, संगठन विस्तार और राष्ट्रीय अभियानों में उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रतिफल माना जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अजय कुमार के कार्यकाल में उत्तराखंड भाजपा ने संगठनात्मक दृष्टि से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष बदलने के बावजूद संगठन की कार्यप्रणाली प्रभावित नहीं हुई और पार्टी लगातार मजबूती के साथ आगे बढ़ती रही। सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय नेतृत्व विशेष रूप से इस बात से प्रभावित रहा कि उत्तराखंड में संगठनात्मक अनुशासन कायम रहा और बड़े राजनीतिक विवादों से संगठन दूर रहा। बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद, नियमित दुरस्त क्षेत्रों में प्रवास, कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन और राष्ट्रीय अभियानों का सफल क्रियान्वयन उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहे।
राजस्थान की जिम्मेदारी मिलना केवल एक संगठनात्मक नियुक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड में अजय कुमार द्वारा खड़े किए गए मजबूत संगठन और सरकार के साथ समन्वय तथा सभी चुनावों में जीत को राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का यह निर्णय स्पष्ट संकेत देता है कि परिणाम देने वाले संगठनात्मक नेतृत्व को भाजपा में बड़ी जिम्मेदारियां और बड़े अवसर मिलते हैं। उत्तराखंड में उनकी कार्यशैली और उपलब्धियों ने उन्हें राष्ट्रीय नेतृत्व के भरोसेमंद संगठनकर्ताओं की श्रेणी में स्थापित कर दिया है।
उत्तराखंड भाजपा में पिछले कुछ वर्षों के दौरान संगठनात्मक मजबूती, चुनावी सफलता और सरकार-संगठन समन्वय का जो मॉडल विकसित हुआ है, उसकी चर्चा अब प्रदेश की सीमाओं से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रही है। संगठन महामंत्री अजेय कुमार के नेतृत्व में पार्टी ने जहां लगातार चुनावी जीत का रिकॉर्ड कायम रखा, वहीं संगठन के भीतर अनुशासन, संवाद और सामंजस्य का वातावरण भी मजबूत हुआ। राष्ट्रीय अभियानों में उत्तराखंड का उत्कृष्ट प्रदर्शन और हालिया राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा प्रदेश संगठन की खुलकर सराहना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि राज्य में किया गया संगठनात्मक कार्य राष्ट्रीय नेतृत्व की नजर में है। यही कारण है कि पार्टी कार्यकर्ताओं से लेकर राजनीतिक विश्लेषकों तक, हर स्तर पर यह चर्चा तेज है कि अजेय कुमार को जल्द ही संगठन में और बड़ी जिम्मेदारी अथवा प्रमोशन मिल सकता है।
