देहरादून: शहरी पारिस्थितिकी पुनर्स्थापन की दिशा में युवाओं की पहल
देहरादून: शहरी पारिस्थितिकी पुनर्स्थापन की दिशा में युवाओं की पहल
रविवार को सांख्य योग फाउंडेशन द्वारा देहरादून की शहरी पारिस्थितिकी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित Ecological Restoration Initiative के अंतर्गत बिंदाल हाइडल कॉलोनी स्थित यूपीसीएल सब-स्टेशन क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
बिंदाल नदी एवं कैंट क्षेत्र के समीप स्थित यह इलाका प्लास्टिक और अन्य ठोस कचरे के प्रदूषण से प्रभावित है, जो स्थानीय पारिस्थितिकी के लिए गंभीर चुनौती बना हुआ है। इसी को ध्यान में रखते हुए फाउंडेशन ने यह अभियान आयोजित किया।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने क्षेत्र में फैले प्लास्टिक कचरे, निर्माण संबंधी मलबे, कांच के टुकड़े, घरेलू कचरे तथा अन्य ठोस अपशिष्ट को एकत्रित किया। इस दौरान 100 किलोग्राम से अधिक कचरा हटाया गया। एकत्रित कचरे के निस्तारण में नगर निगम देहरादून का सहयोग प्राप्त हुआ।
सांख्य योग फाउंडेशन का मानना है कि शहरी पारिस्थितिकी का संरक्षण केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि जल स्रोतों, हरित क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों को प्रदूषण एवं कचरे से मुक्त रखना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी सोच के साथ यह अभियान आयोजित किया गया।
फाउंडेशन के अनुसार, इस पहल के अंतर्गत भविष्य में पारिस्थितिक पुनर्स्थापन, वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान में डॉ. मुकुल शर्मा, अंकित सिंह, एबिगिल, गीता चौधरी, डॉ. ऊर्जा आहूजा, अनुराग आहूजा, अनीता नेगी, आरोही, अर्चना, मोनिशा, साहस, पियांगनी तथा किशन रावत सहित अन्य स्थानीय स्वयंसेवकों और नगर निगम के कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
