कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने ली प्रदेश स्तरीय गन्ना विकास सलाहकार समिति की बैठक
कैबिनेट मंत्री (गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग) सौरभ बहुगुणा की अध्यक्षता में प्रदेश स्तरीय गन्ना विकास सलाहकार समिति की बैठक संपन्न; महत्वपूर्ण निर्देश जारी
आज दिनांक 13 अक्टूबर, 2026 को मध्याह्न 12:00 बजे सचिवालय स्थित देवेन्द्र शास्त्री भवन (एफ०आर०डी०सी०) के सभागार कक्ष में माननीय गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री सौरभ बहुगुणा की अध्यक्षता में ‘प्रदेश स्तरीय गन्ना विकास सलाहकार समिति, उत्तराखण्ड’ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में समिति के सह अध्यक्षों, उपाध्यक्षों, सदस्यों, सचिव (गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग), आयुक्त (गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग) तथा अन्य उच्च अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री द्वारा निम्नलिखित मुख्य निर्देश जारी किए गए:
उच्च शर्करायुक्त बीज: गन्ना कृषकों को उच्च शर्करायुक्त (हाई शुगर कंटैंट) बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
पेराई सत्र 2026-27 का संचालन: सहकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों का आगामी पेराई सत्र 2026-27 का संचालन अनिवार्य रूप से 10 नवम्बर, 2026 तक प्रारम्भ करना सुनिश्चित किया जाए।
गन्ना उठान व्यवस्था: चीनी मिल डोईवाला के अन्तर्गत संचालित गन्ना क्रय केन्द्रों (मुख्यतः विकासनगर परिक्षेत्र) से गन्ने के उठान की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए।
गोष्ठी/चौपालों में सहभागिता: हरिद्वार क्षेत्र में आयोजित होने वाली आगामी गोष्ठी व चौपालों में महानुभावों को विशेष अतिथि के रूप में अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए।
भ्रमण हेतु रोस्टर निर्माण: गन्ने के क्षेत्र में नए नवाचारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महानुभावों को अन्य प्रमुख गन्ना उत्पादक राज्यों के अध्ययन भ्रमण हेतु रोस्टर तैयार किया जाए।
ट्रायल हेतु बैगास की उपलब्धता: सहकारी/सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों द्वारा आगामी पेराई सत्र 2026–27 के संचालन हेतु ट्रायल के लिए बैगास की उपलब्धता समय से सुनिश्चित की जाए।
आपदा से हुई क्षति का आकलन: आपदा से हरिद्वार एवं ऊधमसिंह नगर जिलों में हुई क्षति का त्वरित आकलन कराया जाए।