देहरादून में पारिवारिक विवाद से तंग आकर युवक ने दी जान, 9 पन्नों के पत्र में खोले कई राज
देहरादून के विकासनगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 30 साल के युवक ने घर में फांसी लगाकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली। मौत से पहले उसने बाते कही उस बात से अब कई सवाल खड़े होते हैं , युवक के आत्महत्या से पहले 9 पन्नों का एक पत्र और कई वीडियो जारी किए जिनमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
क्या था पूरा मामला?
मृतक महेंद्र वर्मा (30) अपनी पत्नी के साथ विकासनगर के कैनाल रोड स्थित पहाड़ी गली चौक के पास किराये के मकान में रहता था। दोनों एक ही होटल में नौकरी करते थे। करीब तीन साल की शादीशुदा जिंदगी में दोनों के बीच लगातार अनबन चलती रही। कुछ समय पहले स्थिति इतनी बिगड़ी कि पत्नी मायके चली गई जिसके बाद से महेंद्र मानसिक तौर पर टूटता चला गया और महेंद्र ने आत्महत्या कर ली
मौके से मिले सुसाइड नोट और वीडियो संदेशों ने पूरे मामले को एक अलग मोड़ दे दिया। महेंद्र ने साफ-साफ लिखा कि वह अपनी पत्नी और उसके परिवार वालों से मानसिक रूप से प्रताड़ित था। उसने वीडियो में बताया कि पत्नी के भाइयों ने उससे चार लाख रुपये की मांग की थी। इसके अलावा, उसने पत्नी के किसी और से संबंध होने का भी जिक्र किया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
महेंद्र के पिता हरिदास वर्मा ने विकासनगर कोतवाली में तहरीर देकर अपनी बहू और उसके मायके वालों पर बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया। सुसाइड नोट, वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने पत्नी और उसके परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी विनोद गुसांई ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। सुसाइड नोट और वीडियो के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
मृतक के परिजन सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर समय रहते महेंद्र की तकलीफ को समझा गया होता, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। अब वे न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
