42वां उत्तराखंड गोल्ड कप: 22 मई से देहरादून में क्रिकेट का महाकुंभ, विजेता को मिलेंगे 10 लाख रुपये
देहरादून।
देवभूमि गोल्ड कप क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित होने वाला प्रतिष्ठित 42वां उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट आगामी 22 मई से 7 जून 2026 तक देहरादून में खेला जाएगा। देशभर की दिग्गज टीमों के साथ इस बार नेपाल की टीम भी टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही है। कुल 16 टीमें चार ग्रुपों में विभाजित होकर खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।
टूर्नामेंट को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के सचिव पीसी वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विजेता टीम को 10 लाख रुपये नकद पुरस्कार एवं गोल्ड कप ट्रॉफी (प्रतिलिपि) प्रदान की जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 7 लाख रुपये और ट्रॉफी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मैच के मैन ऑफ द मैच को 5 हजार रुपये तथा पूरे टूर्नामेंट के मैन ऑफ द सीरीज को 1 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा खिलाड़ियों को कई व्यक्तिगत पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जाएगा।
टूर्नामेंट की खास बातें
सभी मुकाबले रंगीन ड्रेस में खेले जाएंगे।
खिलाड़ियों को आयोजकों की ओर से किट उपलब्ध कराई जाएगी।
मैच सफेद गेंद से खेले जाएंगे।
क्वार्टर फाइनल से मुकाबले नॉकआउट फॉर्मेट में होंगे।
अधिकांश मैच डे-नाइट होंगे।
दो मुकाबले अल्फा क्रिकेट स्टेडियम, गणेशपुर में आयोजित किए जाएंगे।
अन्य मैच महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज और राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
आयोजकों की ओर से खिलाड़ियों के ठहरने, परिवहन और भोजन की विशेष व्यवस्था भी की गई है। इस बार कई टीमों में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है, जिससे टूर्नामेंट और अधिक रोमांचक बनने की उम्मीद है।
ग्रुप इस प्रकार हैं
ग्रुप ए
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन, हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन, सहगल क्रिकेट क्लब
ग्रुप बी
दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड, ओडिसा क्रिकेट एसोसिएशन, इंडियन रेलवे
ग्रुप सी
त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन, झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया, ए एंड एस कोलकाता बंगाल
ग्रुप डी
गोवा क्रिकेट एसोसिएशन, केरला क्रिकेट एसोसिएशन, एल.बी. शास्त्री क्रिकेट क्लब, नेपाल क्रिकेट एसोसिएशन
प्रेस वार्ता में अध्यक्ष राजीव दत्ता, अधिशासी सचिव डॉ. जे.एस. सचान, कोषाध्यक्ष योगेन्द्र बाजपाई, कुमार थापा, दीपक जोशी, संतोष गैरोला, संदीप सिंह रावत, देवेन्द्र सती, इन्दीवर सरल, एम.सी. शाह, पी.सी. कोठारी और डी.के. शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
देहरादून में आयोजित होने वाला यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होगा। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 7 जून को खेला जाएगा।
