जमीनी विवाद में छोटे भाई ने मारी बड़े भाई को गोली
गदरपुर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां जमीन के टुकड़े ने रिश्तों का खून कर दिया। बकानिया गांव में लंबे समय से चल रहे जमीनी विवाद ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि छोटे भाई ने बड़े भाई को गोली मार दी। गोली लगते ही बड़े भाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि गांव बकानिया में भाइयों के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। कई बार पंचायत भी हुई लेकिन कोई हल नहीं निकल पाया। मृतक का बेटा जमीन के बंटवारे को लेकर अपने चाचा के घर पहुंचा था, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट की आवाज सुनकर मृतक मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा, लेकिन देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने बड़े भाई पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी समेत अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जमीन के विवाद ने एक परिवार को हमेशा के लिए बर्बाद कर दिया। जिस भाई के साथ बचपन बीता, उसी भाई ने बड़े भाई की जिंदगी छीन ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी पक्ष से पूछताछ की जा रही है।
